उत्तराखंड

पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, सीएम ने किया एलान

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को मानदेय बढ़ाने की सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जवानों के मानदेय में वृद्धि के लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। शनिवार को पवेलियन मैदान में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई घोषणाएं कीं।

Auto Inserted Image
      

मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप खाली भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा भी की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल अभ्यास के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने का एलान किया। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 और तृतीय 150 से 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय 400 से 500 और तृतीय 300 से 400 रुपये मिलेगा।

इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 से बढ़ाकर 1000 रुपये, द्वितीय 600 से 800 और तृतीय 400 से 600 रुपये किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1500 से बढ़ाकर 2000 रुपये, द्वितीय 1000 से 1500 और तृतीय 700 से 1000 रुपये करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी दोगुनी करने का एलान किया। अब विजेता जिले को पांच लाख के स्थान पर 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल बजट में भी बढ़ोतरी की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि भारतीय होना हमारी सबसे बड़ी पहचान है। देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

Source link

Related Articles

Back to top button