उत्तराखंड

गुरुकुल कांगड़ी विवि में कुलसचिव से मारपीट, कर्मचारियों पर आरोप।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ हाथापाई की और जमीन पर गिराकर पीटा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचीं कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल कराया जा रहा है।

विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा था। सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। बाद में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए। करीब 15 दिन तक चले इस आंदोलन का शुक्रवार रात आपसी सहमति के बाद पटाक्षेप हुआ था। हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मारपीट की नौबत आ गई।

Auto Inserted Image
      

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कनखल कोतवाली पहुंचे। कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंचे। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि कुछ कर्मचारियों ने कुलसचिव के साथ मारपीट की है। वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थीं। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, जिससे घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल घायल कुलसचिव को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। कुलसचिव को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button