उत्तराखंड

CBSE 12th Result 2026: पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग, देहरादून रीजन में 81.42% छात्र पास

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं, जो पिछले वर्ष (88.39 प्रतिशत) की तुलना में कम है।

इस साल करीब 17 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 15 लाख से अधिक विद्यार्थी सफल हुए। इस बार पहली बार मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए आन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली अनिवार्य अपनाई थी।

Auto Inserted Image
      

12वीं में कुल 15,07,109 विद्यार्थी पास हुए हैं। पिछले साल से देखें तो ये आंकड़ा 3.19 प्रतिशत कम है। बीते वर्ष 14,96,307 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। इस वर्ष 88.86 प्रतिशत छात्राएं और 82.13 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इस तरह से छात्राओं 6.73 प्रतिशत के अंतर ने बाजी मारी है।

देहरादून रीजन में 81.42 प्रतिशत विद्यार्थी पास

देहरादून रीजन में इस वर्ष कुल 81.42 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस रीजन में उत्तराखंड के 13 तथा उत्तर प्रदेश के 8 जनपद शामिल हैं। देहरादून रीजन को देशभर के 22 रीजन में 17वां स्थान प्राप्त हुआ है।

इस वर्ष परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। देहरादून रीजन में कुल 1285 विद्यालय परीक्षा प्रक्रिया में शामिल रहे, जबकि 480 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

पंजीकृत छात्रों की संख्या 97,623 रही, जिनमें 54,601 छात्र और 43,022 छात्राएं शामिल थीं। वहीं, परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्रों की संख्या 97,012 रही, जिसमें 54,172 छात्र और 42,840 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं।

परिणाम के अनुसार छात्रों का पास प्रतिशत 77.92 रहा, जबकि छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 85.84 प्रतिशत पास प्रतिशत हासिल किया। कुल मिलाकर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में अधिक बेहतर रहा।

सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आपके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button