उत्तराखंड

Uttarakhand News: सेवा, सुशासन और समर्पणः 4 जुलाई से उत्तराखंड में 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा, घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाएं…..

देहरादून. राज्य सरकार द्वारा “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के अनुरूप प्रदेश भर में 4 जुलाई से 18 जुलाई तक 15 दिवसीय “सेवा पखवाड़ा” आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. यह कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित होगा.

सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. इसके साथ ही विकास कार्यों एवं सरकार की जनहितकारी उपलब्धियों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी.

Auto Inserted Image
      

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर विशेष बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा. इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे और पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे.

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेश के समस्त विभागाध्यक्षों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम, समयबद्ध, प्रभावी एवं जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अभियान के प्रथम चरण में जिन स्थानों पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, वहां पुनः शिविर आयोजित न किए जाएं. सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को और सशक्त बनाना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.

Related Articles

Back to top button